
ट्रंप ने एक बार फिर से टैरिफ को हथियार की तरह इस्तेमाल किया है. अमेरिका के राष्ट्रपति हाथ धोकर ग्रीनलैंड के पीछे पड़ गए हैं. उन्हें दुनिया के सबसे बड़े द्वीप पर कब्जा करना है लेकिन यूरोपीय देश बीच में दीवार बनकर खड़े हुए हैं. ट्रंप ने चेतावनी पहले ही जारी कर दी थी और अब उन्होंनें 8 यूरोपीय देशों पर टैरिफ बम फेंक दिया है. ट्रंप ने अपने सहयोगियों पर ही 10 प्रतिशत एक्स्ट्रा टैरिफ थोपने का ऐलान किया है. आगे जानें ट्रंप ने कौन-कौन से देशों को निशाना बनाया है और ग्रीनलैंड को लेकर शुरू हुई ये जंग कितनी तबाही ला सकती है.
10% टैरिफ थोपकर भी नहीं भरा जी, आगे की धमकी
ट्रंप ने ऐलान किया है कि 1 फरवरी 2026 से 8 देशों से आने वाले हर सामान पर 10% टैरिफ लगेगा. इस लिस्ट में डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, नीदरलैंड और फिनलैंड शामिल है. ट्रंप ने इसके साथ ही ये चेतावनी भी जारी की है कि ग्रीनलैंड पर जल्द ही समझौता नहीं हुआ, तो 1 जून 2026 से इस टैरिफ को बढ़ाकर 25% कर दिया जाएगा.
‘डेनमार्क का पेबैक टाइम’
ट्रंप ने यूरोपीय देशों पर टैरिफ थोपते हुए कहा है कि ‘हम पिछले 150 साल से ग्रीनलैंड खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब सब्र का बांध टूट चुका है’. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘डेनमार्क और यूरोप ने दशकों तक अमेरिका की सुरक्षा का मुफ्त फायदा उठाया है. अब समय आ गया है कि डेनमार्क ‘पेबैक’ करे और हमें ग्रीनलैंड का मालिकाना हक दे’.
