
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ग्रीनलैंड के मसले पर झुकने के मूड में नहीं हैं. एक तरफ यूरोप उनके खिलाफ खड़ा हो गया है, वहीं दूसरी ओर उन्होंने ग्रीनलैंड को लेकर अपनी भाषा और तेवर दोनों को और आक्रामक बना दिया. डेनमार्क ने जब कहा कि वो अमेरिका की ब्लैकमेलिंग से नहीं डरता, तो डोनाल्ड ट्रंप रूस का खतरा दिखाने लगे.
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने सीधे तौर पर डेनमार्क पर आरोप लगाया कि वह पिछले कई दशकों से ग्रीनलैंड पर बढ़ते रूसी सुरक्षा खतरे से निपटने में नाकाम रहा है. ट्रंप ने बेहद कड़े तेवर दिखाते हुए कहा है कि अब टाइम आ गया है कि ग्रीनलैंड में रूसी खतरे को खत्म कर दिया जाए. वे पहले ही इस मुद्दे पर चीन-रूस के आर्कटिक में खतरे का डर दिखाते रहते हैं. एक बार फिर उन्होंने यही बात दोहराई, जब यूरोप उनके रुख पर साथ देने को राजी नहीं है.
’20 साल से यही चल रहा है, अब वक्त आ गया’
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा- ‘नाटो पिछले 20 सालों से डेनमार्क से कहता आ रहा है कि ग्रीनलैंड से रूसी खतरे को दूर करना होगा. दुर्भाग्य से डेनमार्क कुछ भी नहीं कर पाया. अब वक्त आ गया है, और यह किया जाएगा!!!’
