
तालिबान ने पाकिस्तान में अफगान शरणार्थियों के साथ हो रहे दोयम दर्जे के व्यवहार पर आपत्ति जताई है. दावा किया कि अफगान प्रवासियों के खिलाफ ज्यादतियां बढ़ रही हैं जिस पर ध्यान दिया जाना चाहिए. रविवार को स्थानीय मीडिया ने इसे रिपोर्ट किया. पझवोक अफगान न्यूज ने तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत के एक ऑडियो मैसेज के हवाले से इसकी जानकारी दी. फितरत ने अपने संदेश में कहा, “दुर्भाग्य से, पाकिस्तान में अफगान शरणार्थियों की समस्याएं बढ़ रही हैं, पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा गिरफ्तारी, उत्पीड़न और दुर्व्यवहार बढ़ रहा है, जिससे शरणार्थी मुश्किल में हैं.”
फितरत ने संयुक्त राष्ट्र और अन्य संबंधित संगठनों से शरणार्थी सुरक्षा सिद्धांतों को बनाए रखने और उन देशों में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया जहां शरणार्थियों के अधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि अफगान शरणार्थियों को अफगानिस्तान लौटने के लिए आर्थिक सहयोग और समर्थन की जरूरत है. पझवोक अफगान न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तानी सरकार को शरणार्थियों के अधिकारों का सम्मान करने, अंतरराष्ट्रीय शरणार्थी सिद्धांतों का पालन करने और अफगान शरणार्थियों को गिरफ्तार करने और परेशान करने से रोकने के लिए मजबूर किया जाना चाहिए.
