
ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है. क्षेत्र में तैनात एक ईरानी अधिकारी ने रविवार को कहा कि देशभर में हुए हालिया दंगों और अशांति के दौरान कम से कम 5,000 लोगों की मौत हुई है. इनमें करीब 500 सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं. अधिकारी के मुताबिक, यह आंकड़ा जांच और पुष्टि के बाद सामने आया है और अब इसमें ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है. उन्होंने हिंसा के लिए “आतंकवादियों और हथियारबंद उपद्रवियों” को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने आम नागरिकों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया.
यह विरोध-प्रदर्शन 28 दिसंबर को आर्थिक बदहाली, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ शुरू हुए थे. लेकिन कुछ ही दिनों में यह आंदोलन पूरे देश में फैल गया और धार्मिक शासन के अंत की मांग को लेकर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन होने लगे. करीब दो हफ्तों तक चले इन प्रदर्शनों को 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद का सबसे हिंसक जनआंदोलन बताया जा रहा है.
