
बिहार के एक छोटे से गांव से निकलकर अमेरिका की AI रिसर्च लैब तक का सफर तय करने वाले सत्यम कुमार की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. मात्र 12 साल की उम्र में पहली बार आईआईटी प्रवेश परीक्षा पास कर दुनिया को चौंका देने वाले सत्यम ने साबित कर दिया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती. आज जब पूरी दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के पीछे भाग रही है, तब सत्यम अमेरिका में एआई रिसर्चर के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं.
सत्यम कुमार ने 13 साल की उम्र में आईआईटी कानपुर में एडमिशन लेकर सबसे कम उम्र का IITian बनने का गौरव हासिल किया था. फिर उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. सत्यम कुमार ने मात्र 24 साल की उम्र में टेक्सास यूनिवर्सिटी से पीएचडी पूरी की, जो अपने आप में विश्व रिकॉर्ड जैसा है. वर्तमान में वह सिलिकॉन वैली की तकनीकी दुनिया में एआई के भविष्य को आकार दे रहे हैं. पढ़िए बिहार के किसान के बेटे सत्यम कुमार की एआई जीनियस बनने की पूरी कहानी. इनकी सक्सेस स्टोरी किसी को भी मोटिवेट कर सकती है.
