
गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. देश की सुरक्षा एजेंसियों के साथ दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके. इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस ने रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वांटेड आतंकियों के पोस्टर चस्पा किए हैं, जिससे आम लोगों की मदद से संदिग्धों की पहचान की जा सके.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गणतंत्र दिवस से पहले जिन आतंकियों के पोस्टर जारी किए गए हैं, वे जैश-ए-मोहम्मद, अलकायदा, बब्बर खालसा, खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स और खालिस्तान टाइगर फोर्स जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े हैं. इनमें खालिस्तान टाइगर फोर्स का कुख्यात आतंकी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला भी शामिल है, जो लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में है.
