
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घोषणा की है कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग जल्द ही पाकिस्तान का दौरा करेंगे. यह दौरा ऐसे समय में होने जा रहा है, जब पाकिस्तान एक तरफ अमेरिका से रिश्ते मजबूत करने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ चीन के साथ सहयोग को और गहरा करने पर जोर दे रहा है. कुछ दिन पहले ही चीन ने पाकिस्तान की क्लास लेते हुए कहा था कि वो चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे का काम टाइम पर कर दे, वरना चीन को उसे पैसे देने के बारे में सोचना होगा.
इस्लामाबाद में सोमवार को आयोजित पाक-चीन इंवेस्टमेंट कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि शी जिनपिंग की यात्रा का मुख्य फोकस चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (CPEC) 2.0 होगा. उन्होंने इसे दोनों देशों के रिश्तों में नया अध्याय बताया है. उनके मुताबिक CPEC 2.0 के तहत कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, खनन, खनिज और युवाओं के विकास जैसे सेक्टर्स पर फोकस किया जाएगा.
