
दुनिया के नक्शे पर बर्फ की चादर ओढ़े शांत दिखने वाला ग्रीनलैंड अब महायुद्ध का नया केंद्र बनता दिख रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने इरादे साफ कर दिए हैं. ट्रंप ने कहा कि वो ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा बनाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इसके लिए सैन्य फोर्स का इस्तेमाल करेंगे तो ट्रंप ने इनकार नहीं किया. उनका ‘नो कमेंट’ कहना ही यूरोप के देशों के लिए खतरे की घंटी बन गया है. ट्रंप का यह रुख बताता है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन और ब्रिटेन के पीएम कीर स्टारमर चाहे जितना विरोध कर लें व्हाइट हाउस अपने कदम पीछे खींचने वाला नहीं है. ट्रंप ने इसे अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अनिवार्य करार दिया है.
यूरोप को ट्रंप की सीधी चेतावनी
डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोप के देशों को दो टूक लहजे में अपनी सीमा में रहने की सलाह दी है. उन्होंने NBC न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि यूरोप को रूस-यूक्रेन युद्ध पर ध्यान देना चाहिए. ट्रंप के अनुसार ग्रीनलैंड के मामले में दखल देना यूरोप को महंगा पड़ सकता है. उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि अमेरिका को ग्रीनलैंड नहीं मिला तो वह यूरोपीय देशों पर और टैरिफ लगा देंगे. यह एक तरह की आर्थिक घेराबंदी है जिससे जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन जैसे देशों की अर्थव्यवस्था चरमरा सकती है.
