
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंध एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गए हैं. सोमवार दोपहर को अफगानिस्तान के कंधार प्रांत में डूरंड लाइन पर दोनों देशों की सेनाओं के बीच भीषण गोलीबारी हुई. यह संघर्ष तब शुरू हुआ जब पाकिस्तानी सेना ने विवादित सीमा क्षेत्र में जबरन बाड़ लगाने की कोशिश की, जिसका अफगान बलों ने कड़ा विरोध किया. सूत्रों के मुताबिक, दोनों ओर से न केवल हल्के हथियारों से फायरिंग हुई, बल्कि भारी हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे सीमावर्ती इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है.
यह ताजा झड़प कंधार प्रांत के मारूफ जिले में हुई. टोलो न्यूज को स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर को मारूफ जिले के अपन और गारी गांवों के पास पाकिस्तानी सैनिक सीमा पर बाड़ लगाने और उसका विस्तार करने के लिए आगे बढ़े. अफगानिस्तान की ओर से तैनात बलों ने इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन माना और पाकिस्तानी सैनिकों को काम रोकने की चेतावनी दी. जब पाकिस्तानी पक्ष ने काम रोकने से इनकार किया, तो अफगान बलों ने शारीरिक रूप से उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई. देखते ही देखते जुबानी बहस ने सशस्त्र संघर्ष का रूप ले लिया.
