
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव इन दिनों पारिवारिक और राजनीतिक दोनों ही कारणों से चर्चा में रहते हैं. परिवार से अलग रह रहे तेजप्रताप ने इस बार अपनी भावनाएं सार्वजनिक मंच पर जाहिर की हैं. उन्होंने अपनी बड़ी बहन चंदा यादव के जन्मदिन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक भावुक संदेश साझा किया है. तेजप्रताप यादव ने अपने संदेश में लिखा कि वह भले ही हमेशा सही रास्ते पर न रहे हों, लेकिन उन्हें यह भरोसा है कि जब भी वह लौटेंगे, उनकी बहन उनके साथ खड़ी होंगी. उन्होंने चंदा यादव को केवल बहन नहीं, बल्कि अपने जीवन की ‘एंकर’ बताते हुए उनके समर्थन, धैर्य और निस्वार्थ स्नेह के लिए आभार जताया. तेजप्रताप ने लिखा कि कई बार चुप रहकर भी किसी का साथ देना सबसे बड़ा समर्थन होता है और उनकी बहन ने यह भूमिका हमेशा निभाई है.
