
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारत की संस्थाओं पर ‘कब्जे’ और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग से जुड़े बयान पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कड़ा ऐतराज जताया है. जर्मनी की राजधानी बर्लिन में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने भारत की संस्थागत व्यवस्था पर कब्जा कर लिया है और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों को राजनीतिक हथियार बना दिया गया है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है.
बर्लिन के हर्टी स्कूल में छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह स्थिति भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने के लिए संस्थाओं का इस्तेमाल कर रही है और इसके खिलाफ विपक्ष एक संगठित प्रतिरोध तंत्र खड़ा करेगा.
ईडी-सीबीआई को लेकर क्या बोल राहुल?
राहुल गांधी ने कहा, ‘भारत की संस्थागत व्यवस्था पर पूरी तरह कब्जा कर लिया गया है. हमारी खुफिया एजेंसियां, ईडी और सीबीआई को हथियार बना दिया गया है. बीजेपी के खिलाफ ईडी और सीबीआई के पास कोई केस नहीं है, जबकि ज्यादातर राजनीतिक मामले उन लोगों के खिलाफ हैं जो सरकार का विरोध करते हैं.’
