
अवैध तरीके से विदेश भेजने वाले डंकी रूट नेटवर्क पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी चोट की है. 18 दिसंबर 2025 को ईडी के जालंधर जोन ने पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में एक साथ 13 ठिकानों पर छापेमारी की. इस कार्रवाई में एजेंसी के हाथ ऐसा खजाना लगा है, जिसने पूरे नेटवर्क की गहराई और पैसों के खेल को बेनकाब कर दिया है.
रेड में क्या-क्या मिला?
ईडी की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दिल्ली स्थित एक ट्रैवल एजेंट के परिसरों से ₹4.62 करोड़ नकद, 313 किलोग्राम चांदी, 6 किलोग्राम सोने के बुलियन बरामद किए गए हैं. जब्त नकदी और कीमती धातुओं की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹19.13 करोड़ बताई जा रही है. इसके अलावा डंकी रूट से जुड़े लोगों के साथ चैट्स, डिजिटल डेटा और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज भी हाथ लगे हैं, जो पूरे रैकेट की कड़ियां जोड़ते हैं.
उम्मीदवारों की संपत्ति रखी जाती थी ‘गारंटी’ में
जांच का सबसे चौंकाने वाला खुलासा हरियाणा से हुआ है. यहां एक प्रमुख डंकी नेटवर्क संचालक के ठिकानों से ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिनसे पता चला कि आरोपी मेक्सिको के रास्ते अमेरिका भेजने का इंतजाम करता था. इतना ही नहीं, मोटी रकम वसूलने के साथ-साथ उम्मीदवारों की जमीन-जायदाद के कागजात भी अपने पास गारंटी के तौर पर रखता था, ताकि पैसा डूबने का कोई खतरा न रहे.
