
किसी भी महिला के लिए उसका बच्चा उसकी पूरी दुनिया होता है. ऐसे में जब वही बच्चा अपनी मौत की भविष्यवाणी करने लगे, तो वह किसी बुरे सपने से कम नहीं होता. ब्रिटेन के ब्रिस्टल से एक ऐसी ही रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां की रहने वाली हेली नाम की एक महिला से उसका 16 साल का बेटा अक्सर कहता था कि उसे डर लगता है कि कोई उसे चाकू मार देगा. वह अपने आसपास बढ़ते अपराधों को देखकर अपनी मौत की भविष्यवाणी पहले ही कर चुका था. यह घटना सच भी साबित हुई, जिसने न केवल एक परिवार को तबाह कर दिया, बल्कि समाज में बढ़ती चाकूबाजी की हिंसा पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. यह कहानी है 16 साल के माइकी रोनन की, जो बिना किसी गलती के आज के दौर की खतरनाक आर्म कल्चर का शिकार हो गए.
हाल ही में माइकी की मां हेली ने उस हादसे के बारे में बताया. हेली ने कहा कि जिस दिन उनके बेटे की मौत हुई थी, उस शाम उसने अपनी को फोन पर “लव यू मॉम” कहकर आखिरी विदाई दी थी. माइकी अपने दोस्तों के साथ एक हाउस पार्टी में जा रहा था. मां हेली उस वक्त एक अवॉर्ड फंक्शन में थीं और उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह उनके बेटे के आखिरी शब्द होंगे. जब उन्होंने फंक्शन खत्म होने के बाद अपना फोन ऑन किया, तो उस पर 30 से ज्यादा मिस्ड कॉल थीं. जब उन्होंने घबराहट में वापस फोन किया, तो माइकी के दोस्त ने चीखते हुए बताया कि माइकी को चाकू मार दिया गया है और वह मर चुका है. हेली को पहले तो लगा कि यह कोई मजाक है, लेकिन मौके पर पहुंचते ही पुलिस के पीले टेप और फॉरेंसिक टेंट ने उनकी दुनिया उजाड़ दी.
