
इस वक्त बिहार के सीवान से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा के बीच सीवान में पटाखा बनाने के दौरान बम ब्लास्ट हुआ है. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गया है. हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बडरम गांव में पटाखा बनाने के दौरान हुए बम ब्लास्ट में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. धमाका इतना जोरदार था कि जिस मकान में विस्फोट हुआ, वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बडरम गांव में अवैध रूप से पटाखा या विस्फोटक सामग्री तैयार की जा रही थी. इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है. धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिससे ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए.
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मलबे को हटाकर यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोट किस तरह का था और इसमें और लोग तो शामिल नहीं थे. फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है. गौर करने वाली बात यह है कि आज ही सीवान जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा पर हैं. ऐसे में इस घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. पुलिस और प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और अवैध विस्फोटक कारोबार के एंगल से भी पड़ताल की जा रही है.
