
संगम की रेती पर अध्यात्म और आस्था का महाकुंभ ‘माघ मेला’ अपने अगले पड़ाव की ओर बढ़ चला है. मौनी अमावस्या पर 4.52 करोड़ श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड आगमन के बाद अब मेला प्रशासन ‘वसंत पंचमी’ (23 जनवरी) से ‘अचला सप्तमी’ (25 जनवरी) के भारी स्नान पर्वों की तैयारी में जुट गया है. अनुमान है कि इन तीन दिनों में करीब 3.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी में डुबकी लगाएंगे. सुरक्षा के ऐसे इंतजाम हैं कि परिंदा भी पर न मार सके जल, थल और नभ तीनों ओर से कड़ी निगरानी रखी जा रही है. पढ़ें पूरी रिपोर्ट…
शंकराचार्य पद का विवाद: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का कड़ा रुख
मेला प्राधिकरण और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के बीच विवाद गहरा गया है. प्राधिकरण के नोटिस का जवाब देते हुए स्वामी जी के वकील ए.के. मिश्रा ने 8 पन्नों का कानूनी जवाब भेजा है. जवाब में कहा गया है कि स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने उन्हें जीवित रहते हुए उत्तराधिकारी नियुक्त किया था और उनका अभिषेक वैदिक रीति से हो चुका है. उन्होंने प्रशासनिक हस्तक्षेप को असंवैधानिक बताया और कहा कि यदि 24 घंटे में नोटिस वापस नहीं लिया गया, तो ‘अवमानना’ की कार्यवाही की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जो राजनीतिक दल ‘गौ हत्या’ बंद करने का संकल्प लेगा, वही उनके हृदय के करीब होगा.
Magh Mela 2026 Latest Updates: अग्नि तांडव: बाल-बाल बचे श्रद्धालु
मेला क्षेत्र के सेक्टर-6 स्थित ‘श्री परांकुश वैष्णव सेवा आश्रम’ में भीषण आग लग गई. घटना के वक्त शिविर में लोग सो रहे थे, जिन्होंने भागकर अपनी जान बचाई. हालांकि, इस हादसे में राशन, कपड़े और 3 लाख रुपये की नकदी जलकर राख हो गई.
