
कहते हैं कि जब उम्मीदें टूटने लगें और रास्ते धुंधले हो जाएं, तब जो हाथ थाम ले वही असली नायक होता है. गाजियाबाद की मुरादनगर पुलिस ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. करीब डेढ़ महीने से लापता एक मासूम, जिसकी तलाश में परिवार अपनी आंखें पथरा चुका था, उसे पुलिस ने 700 किलोमीटर दूर नेपाल बॉर्डर के पास से सकुशल बरामद कर लिया है.
स्कूल के लिए निकला था मासूम, फिर नहीं लौटा
मामला मुरादनगर की ईदगाह बस्ती का है. यहां के निवासी शेरुद्दीन का पुत्र रिहान (बदला हुआ नाम) बीती 29 नवंबर की सुबह स्कूल के लिए घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा. परिजनों ने उसे हर संभावित जगह ढूंढा, रिश्तेदारों से संपर्क किया और गलियों में पोस्टर तक चिपकाए, लेकिन रिहान का कोई सुराग नहीं मिला. थक-हारकर परिजनों ने मुरादनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
