
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रिश्तों के धोखे, साजिश और कानून के गलत इस्तेमाल का एक अनोखा मामला सामने आया है. बताते चलें कि अमीनाबाद निवासी वासिफ की पत्नी अमीना खातून का लंबे समय से भोपाल के युवक से प्रेम संबंध चल रहा था, जिसका नाम आमान है. दोनों साल 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए मिले थे. अमीना एएमयू से ग्रेजुएट है और आमान भोपाल से बीटेक किया है. इतना ही नहीं अमीना का पति वासिफ भी बीटेक है, लेकिन वह अमीनाबाद में अपने परिवार का 80 साल पुराना डायरी-स्टेशनरी का कारोबार संभाल रहा है. मगर अमीना और प्रेमी के रिश्ते के बीच उसका पति वासिफ सबसे बड़ी रुकावट बन रहा था.
इसी रुकावट को हटाने का अमीना और उसके प्रेमी आमान ने एक प्लान बनाया. बताते चलें कि दो महीने पहले वासिफ (अमीना का पति) की थार गाड़ी में गोमांस मिला था. जिसके बाद बजरंग दल ने पुलिस को सूचना दी और वासिफ को जेल हो गई. वह करीब एक महीने तक जेल में रहा. मगर अब जो जांच में खुलासा हुआ है वह बेहद हैरान कर देने वाला है. वासिफ की पत्नी अमीना ने थार की चाबी खुद अपने प्रेमी आमान को दी थी और उसी ने गाड़ी में गोमांस रखवाया था.
