
इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में पानी खराब होने के कारण हुई 15 मौतों के लगभग तीन हफ्ते बाद भी डायरिया के मामले सामने आ रहे हैं. मौतों के बाद, राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने इलाके में पानी की सप्लाई रोक दी, नई पाइपलाइन बिछाने और संदिग्ध लीकेज पॉइंट्स को ठीक करने का काम तेज कर दिया है. इंदौर नगर निगम (IMC) के अनुसार, लगभग 15000 लोगों को टैंकरों से साफ पानी दिया जा रहा है. हालांकि, इसके बावजूद अस्पतालों में डायरिया के मरीज आ रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले 10 दिनों में 65 डायरिया के मामले सामने आए हैं.
अस्पताल में अब कैसी स्थिति
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, आपको बता दें, बुधवार को छह लोग उल्टी और डायरिया के लक्षण के साथ भागीरथपुरा डिस्पेंसरी गए, जिन्हें दवा दी गई. किसी भी मरीज को अस्पताल रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ी. मंगलवार को लोकल प्राइमरी हेल्थ सेंटर में 122 OPD मरीज आए, जिनमें से 3 डायरिया के थे. CMHO डॉ. माधव हसानी ने बताया कि डायरिया खराब पानी या खाने से फैल सकता है. उन्होंने लोगों से पानी उबालकर पीने और सब्जियां धोकर खाने की सलाह दी.
