
अमेरिका ने इसी महीने रूस का एक तेल जहाज पकड़ा था. अब भूमध्य सागर में फ्रांस की नौसेना ने रूस से आ रहे एक संदिग्ध तेल टैंकर को रोककर बड़ी कार्रवाई की है. यह जहाज रूस की उस ‘शैडो फ्लीट’ का हिस्सा बताया जा रहा है, जिसके जरिए पुतिन अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को चकमा देकर तेल बेच रहे हैं. अधिकारियों के मुताबिक यह टैंकर पश्चिमी भूमध्य सागर में स्पेन के अल्मेरिया तट के पास पकड़ा गया. फ्रांसीसी समुद्री अधिकारियों ने बताया कि ब्रिटेन से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर इस जहाज पर नजर रखी जा रही थी.
जहाज जब्त होने से कैसे फंसे भारतीय?
जहाज का नाम ‘ग्रिंच’ बताया गया है. उस पर शक है कि वह कोमोरोस द्वीपसमूह के झंडे का गलत इस्तेमाल कर रहा था, ताकि उसकी असली पहचान छिपी रहे. कोमोरोस द्वीप पूर्वी अफ्रीका के पास स्थित हैं. जहाज जब्त होने से कई भारतीय फंस गए हैं. जहाज का क्रू भारतीय बताया गया है. फ्रांस की नौसेना इस टैंकर को बंदरगाह तक एस्कॉर्ट कर रही है, जहां उसकी और जांच की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि यह कदम रूस की उस गुप्त समुद्री व्यवस्था के खिलाफ है, जिसके जरिए प्रतिबंधों के बावजूद तेल की बिक्री जारी रखी जाती है.
