
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध लगभग चार साल से चल रहा है. यह पहली बार है जब शुक्रवार को UAE में दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत शुरू हुई. एक तरफ जहां शांति की बात हो रही है, तो दूसरी तरह रूस ने अपने हमले से यूक्रेन को हिलाकर रख दिया है. शनिवार तड़के रूस ने यूक्रेन के दो सबसे बड़े शहरों कीव और खारकीव पर बड़ा हमला किया. राजधानी कीव में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि खारकीव में 11 लोगों के जख्मी होने की खबर है. कीव के मेयर विताली क्लिचको ने बताया कि शहर के दो अलग-अलग इलाकों में हमले हुए हैं.
ये इलाके नीपर नदी के दोनों किनारों पर स्थित हैं, जो राजधानी को दो हिस्सों में बांटती है. उन्होंने टेलीग्राम पर लिखा कि कीव इस वक्त दुश्मन के बड़े हमले का सामना कर रहा है. यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि इस हमले में ड्रोन और मिसाइल दोनों का इस्तेमाल किया गया. कीव के सैन्य प्रशासन प्रमुख तिमुर तकाचेंको के मुताबिक कम से कम तीन इलाकों में ड्रोन गिरे, जिनमें से दो जगह आग लग गई. नए साल के बाद यह कीव पर दूसरा बड़ा रात का हमला है. पहले हुए हमलों में सैकड़ों घरों की बिजली और हीटिंग ठप हो गई थी. अभी भी आपातकर्मी सेवाएं बहाल करने में जुटे हैं.
