
अमेरिका में बर्फीले तूफान ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है और इसी बीच मेन राज्य में एक बड़ा हादसा भी सामने आया. रविवार शाम बैंगर एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही एक निजी जेट क्रैश हो गया. इस विमान में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें तीन क्रू मेंबर और पांच यात्री शामिल थे. हादसे के बाद एयरपोर्ट को तुरंत बंद कर दिया गया और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया. अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि सभी यात्रियों की हालत कैसी है. यह विमान बॉम्बार्डियर चैलेंजर 650 बिजनेस जेट था.
कब हुआ हादसा?
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक हादसा शाम करीब 7.45 बजे हुआ. टेकऑफ से कुछ मिनट पहले कंट्रोल रूम और पायलट के बीच बातचीत में कम दृश्यता और बर्फ जमने की समस्या का जिक्र सुना गया था. रनवे से उड़ान की अनुमति मिलने के करीब दो मिनट बाद कंट्रोलर की आवाज गूंजी- ‘सभी विमानों की आवाजाही रोक दी जाए.’ इसके बाद बताया गया कि ‘विमान उल्टा पड़ा है.’ इसके तुरंत बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लागू कर दी गई. सिर्फ इमरजेंसी वाहनों को रनवे पर जाने की इजाजत है.
