
नमस्कार, उत्तर प्रदेश के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. हम इस लाइव ब्लॉग में प्रदेश की क्राइम, राजनीति और वायरल के अलावा अन्य खबरों को बताएंगे. लखनऊ, कानपुर और नोएडा के अलावा यूपी के 75 जिलों की हर एक बड़ी खबर यहां पढ़ने को मिलेगी. इसलिए जुड़े रहें हमारे साथ इस लाइव ब्लॉग में…
कानपुर: 77वें गणतंत्र दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य आयोजन, डीएम ने फहराया तिरंगा
कानपुर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. इसके बाद पूरे परिसर में राष्ट्रगान गूंज उठा. कार्यक्रम के दौरान डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. इसके साथ ही उन्होंने आपदा मित्र प्रतिभागियों और राहत एवं बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और तैयारियों की सराहना की. इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हम सभी के लिए गर्व का पर्व है और इसे पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाना चाहिए. डीएम ने कहा कि “गणों से मिलकर ही गणतंत्र बनता है”, इसलिए देश के हर नागरिक की भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाती है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे.
