
टैरिफ की वजह से ब्राजील और अमेरिका के रिश्तों में आई तल्खी कम होती दिख रही है. ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला डा सिल्वा ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर लंबी बातचीत की है. दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक चर्चा हुई. इस बातचीत का सबसे बड़ा नतीजा यह निकला है कि लूला जल्द ही ट्रंप से मिलने वाशिंगटन जाएंगे. ब्राजील सरकार ने एक बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की है. इस बातचीत में वेनेजुएला के हालात, ट्रंप का नया ‘बोर्ड ऑफ पीस’ प्रस्ताव और ऑर्गनाइज्ड क्राइम के खिलाफ लड़ाई जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. ऐसा माना जा रहा है कि ट्रंप अब रिश्ते संभालने की कोशिशों में जुट गए हैं.
वेनेजुएला और मादुरो की गिरफ्तारी पर चर्चा फोन कॉल के दौरान वेनेजुएला का मुद्दा छाया रहा. लूला ने ट्रंप से साफ शब्दों में कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना सबसे जरूरी है. इस महीने की शुरुआत में अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था और उन्हें न्यूयॉर्क ले जाया गया था. लूला ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की थी और इसे रेड लाइन क्रास करना बताया था. हालांकि, सोमवार को हुई बातचीत में उन्होंने वेनेजुएला के लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया.
