
उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने गणतंत्र दिवस के दिन अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया. ‘जय भवानी-जय शिवाजी’ के नारों के साथ सरकारी आवास खाली करने वाले अग्निहोत्री ने न केवल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं, बल्कि अब उनके राजनीति में जाने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं. इधर, यूपी सरकार ने भी सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. जाने पल-पल की अपडेट…
डीएम ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे अग्निहोत्री
सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री मंगलवार को डीएम ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए. इस दौरान उन्होंने अपने निलंबन का आदेश मानने से साफ इनकार कर दिया. अग्निहोत्री ने कहा कि जब मैं पहले ही इस्तीफा दे चुका हूं तो निलंबन का कोई मतलब नहीं रह जाता है. इसके साथ ही उन्होंने अपना इस्तीफा वापस लेने से भी मना कर दिया है. उनका कहना है कि वो शामली कार्यालय से अटैच नहीं होंगे.
सरकारी आवास खाली, निजी गाड़ी से ‘अज्ञात’ स्थान को रवाना
सोमवार देर रात बरेली में एक भावुक और हंगामेदार माहौल देखने को मिला. सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने अपना सामान डीसीएम (DCM) में लदवाकर सरकारी आवास खाली कर दिया. विदाई के वक्त समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ा, जो अग्निहोत्री के पक्ष में जमकर नारेबाजी कर रहा था. सरकारी गाड़ी को छोड़कर वह अपनी निजी गाड़ी से रवाना हुए, लेकिन वह कहां गए हैं, इसकी जानकारी जिला प्रशासन के किसी भी अधिकारी को नहीं है.
