
अमेरिका में एक टाउनहॉल के दौरान तब हंगामा मच गया, जब डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर पर एक शख्स ने कैमिकल से हमला कर दिया. आमतौर पर अपने भारत विरोधी बयानों और पाकिस्तान के पक्ष में खुलकर बोलने के लिए भारतीय मीडिया में चर्चा बटोरने वाली इल्हान उमर इस बार अलग वजह से सुर्खियां बटोर रही हैं. इस बार उनके बिगड़े बोल नहीं बल्कि उन पर हुआ हमला हेडलाइंस बटोर रहा है. ये हमला मिनेसोटा में आयोजित एक टाउन हॉल बैठक के दौरान इल्हान उमर पर हुआ.
मंगलवार रात हुए इस हमले के बाद इल्हान उमर के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि एक गुस्साए और उकसाने वाला शख्स ने टाउन हॉल के दौरान मंच तक पहुंचकर सांसद पर सिरिंज से अज्ञात पदार्थ छिड़क दिया. बयान के मुताबिक सुरक्षा कर्मियों और मिनियापोलिस पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू में कर लिया. फिलहाल वह हिरासत में है और इल्हान उमर पूरी तरह सुरक्षित हैं. पुलिस रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि आरोपी पर थर्ड डिग्री असॉल्ट का मामला दर्ज किया गया है और उसे हेनेपिन काउंटी जेल में बंद किया गया है.
