
अमेरिका में एक ही दिन दो अलग-अलग राज्यों से हिंसा और हादसों की चौंकाने वाली खबरें सामने आईं. एक ओर पेंसिल्वेनिया में एक नर्सिंग होम में जोरदार धमाके ने कई जिंदगियां लील लीं, तो दूसरी ओर डेलावेयर में मोटर वाहन विभाग (DMV) के अंदर एक बंदूकधारी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी. पेंसिल्वेनिया के फिलाडेल्फिया के पास ब्रिस्टल टाउनशिप में स्थित ब्रिस्टल हेल्थ & रीहैब सेंटर नामक नर्सिंग होम में मंगलवार दोपहर अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना भीषण था कि इमारत का एक हिस्सा ढह गया, आग की लपटें बाहर तक दिखाई दीं और कई लोग अंदर फंस गए.
सुरक्षा मानकों को लेकर पहले भी खड़े हुए सवाल
राज्य के गवर्नर जोश शापिरो ने पुष्टि की कि इस हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य के फंसे होने की आशंका है. धमाके के समय गैस कंपनी PECO के कर्मचारी वहां गैस लीक की जांच कर रहे थे. शुरुआती तौर पर इसे गैस विस्फोट माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी. स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने ‘तेज धमाके’ की आवाज सुनी, जिसके बाद धुआं और आग चारों ओर फैल गई. दमकल और एंबुलेंस की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन घंटों तक चला.
