
मध्य प्रदेश में भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के तहत राज्य की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है. इस ड्राफ्ट सूची में कुल 42.74 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जिसमें 19.19 लाख पुरुष और 23.64 लाख महिलाएं शामिल हैं और लगभग 8.40 लाख मतदाताओं की मैपिंग अब तक पूरी नहीं हो पाई है. चुनाव आयोग ने इसे SIR प्रक्रिया का एक वांछित परिणाम बताया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटि-मुक्त, पारदर्शी और समावेशी बनाना है ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और कोई अप्रासंगिक नाम सूची में शेष न रहे.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि SIR अभियान के दौरान राज्य के मतदाता सूची में व्यापक सत्यापन किया गया. कुल 5,74,06,143 मतदाताओं में से 5,31,31,983 मतदाताओं ने गणना पत्रक जमा किए, जो लगभग 92.5% भागीदारी को दर्शाता है. इस सत्यापन में मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित और डुप्लीकेट मतदाताओं को अलग-थलग कर ड्राफ्ट सूची तैयार की गई.
