
बांग्लादेश में खलबली मच गई है. मुहम्मद यूनुस के देश में एक बार फिर सियासी भूचाल आ गया है. अंतरिम सरकार के मुखिया मुहम्मद यूनुस की कुर्सी अब दरकने लगी है. वजह है एक बड़ा इस्तीफा, जो देश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है. जी हां, बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के विशेष सहायक खुदा बख्श चौधरी ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. यह महज इस्तीफा नहीं लग रहा, बल्कि यूनुस सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है. खुदा बख्श चौधरी ने बांग्लादेश में कानून-व्यवस्था पर सवालों के बाद ही इस्तीफा दिया है. यह इस्तीफा इसलिए भी और अहम हो जाता है, क्योंकि बुधवार को ही ढाका में धमाका हुआ, जिसमें एक लोग की मौत हो गई.
दरअसल, मुख्य सलाहकार के विशेष सहायक खुदा बख्श चौधरी गृह मंत्रालय की देखरेख कर रहे थे और उनके पास राज्य मंत्री का पद था. कैबिनेट डिवीजन ने आधिकारिक गजट जारी कर इसकी पुष्टि की है. यूनुस सरकार ने बताया कि इस्तीफा तुरंत प्रभाव से स्वीकार हो गया है. यह खबर ऐसे समय आई है जब बांग्लादेश में हिंसा और अशांति चरम पर है. बीते दिनों हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या हो गई. वहीं, उस्मान हादी को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी. इसके बाद से ही बांग्लादेश हिंसा की आग में झुलस रहा है.
