
बांग्लादेश में हिंदू कपड़ा मजदूर दीपू चंद्र दास की हुई निर्मम से हत्या को लेकर पूरी दुनिया ही दहल गई. इसे लेकर कई देशों से प्रतिक्रिया भी आई है. भारत के विदेश विभाग ने इसकी निंदा की और नेपाल में इस तरह की घटनाओं के खिलाफ प्रदर्शन हुए. अब अमेरिकी विदेश विभाग ने भी हाल ही में हुई इस धार्मिक हिंसा की निंदा की है. इसके साथ ही एक प्रभावशाली अमेरिकी सीनेटर ने दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग को भयानक बताया और बिना शर्त धार्मिक नफरत की निंदा करने की अपील की.
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों की बढ़ती घटनाओं से जुड़े सवाल पर अमेरिकी प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को बताया- ‘संयुक्त राज्य अमेरिका धार्मिक स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति, शांतिपूर्ण सभा और संगठन की स्वतंत्रता का समर्थन करता है.’ उन्होंने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका धार्मिक हिंसा की कड़ी निंदा करता है. इसके साथ ही हम बांग्लादेश की अंतरिम सरकार द्वारा सभी समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों का स्वागत करते हैं.
अमेरिकी सीनेटर रो खन्ना ने कहा – ‘भयानक’
अमेरिकी सीनेटरों ने भी इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. सीनेटर रो खन्ना ने इस हत्या को भयानक बताते हुए कहा कि धार्मिक नफरत की कड़ी निंदा करने का आग्रह किया. रो खन्ना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा – ‘बांग्लादेश में 27 वर्षीय हिंदू कपड़ा मजदूर दीपू चंद्र दास की हत्या भयानक है और मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं दीपू के दोस्तों और परिवार के साथ हैं.’ उन्होंने कहा कि हमें नफरत और कट्टरता के इन घिनौने कृत्यों की कड़ी निंदा करनी चाहिए और उनके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए.
