
यूं तो किसी भी बच्चे का जन्म होना खुशी की बात होती है. ज्यादातर परिवारों में इसका जश्न भी मनाया जाता है, हालांकि एक बच्ची के जन्म का जश्न पूरे गांव ने मनाया. इसकी वजह ये थी कि पिछले तीन दशक से इस गांव में किसी बच्चे का जन्म ही नहीं हुआ था और किसी ने किलकारी सुनी ही नहीं थी. जब गांव में करीब 30 साल के लंबे इंतजार के बाद मार्च, 2025 में इटली के छोटे से गांव पाग्लियारा देई मार्सी (Pagliara dei Marsi) में बच्ची के रोने की आवाज आई, तो ये खुशी की वजह बन गई.
पूरे गांव के आंखों का तारा बनी हुई है एक नवजात बच्ची. बच्ची का नाम लारा बुस्सी त्राबुको है, जो जन्म के साथ ही मशहूर हो गई. उसकी वजह से यह गांव फिर से चर्चा में आ गया, क्योंकि लगभग 30 साल बाद यहां किसी बच्चे का जन्म हुआ. यह गांव लंबे समय से सन्नाटे और खालीपन का प्रतीक बन गया था. युवा परिवार काम और बेहतर जीवन की तलाश में शहरों की ओर चले गए थे. गांव में स्कूल बंद हो चुके थे और गांव की आबादी हर साल घटती जा रही थी. ज्यादातर घर साल भर बंद रहते थे और गांव में केवल बुज़ुर्ग लोग ही बचे थे.
