
मेक्सिको के दक्षिणी राज्य ओआक्साका में एक ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है. इस भीषण दुर्घटना की पुष्टि स्थानीय अधिकारियों ने की है. मेक्सिको की नौसेना के मुताबिक रविवार को ये हादसा हुआ, जब इस ट्रेन में करीब 250 लोग सवार थे, जिनमें 9 क्रू सदस्य शामिल थे. इस हादसे में 98 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 36 का इलाज चल रहा है, जबकि 5 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है ताकि मृतकों के परिवारों और घायलों की मदद की जा सके. यह हादसा चिवेला और निजांडा कस्बों के बीच उस समय हुआ, जब ट्रेन निजांडा के पास एक मोड़ से गुजर रही थी. बताया गया है कि ट्रेन तेज मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से पटरी से उतर गई. ओआक्साका के गवर्नर सलोमन जारा ने कहा कि कई सरकारी एजेंसियां मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं.
