
उस्मान हादी की हत्या के बाद से भारत और बांग्लादेश के संबंधों में तनाव देखने को मिल रहा है. पिछले साल हुए तख्तापलट के बाद से ही बांग्लादेश ने भारत के साथ तनाव बढ़ाया है और पाकिस्तान के साथ करीब हुआ. इस तनाव को बढ़ाने वाला एक और काम रविवार को हुआ जब बांग्लादेश की पुलिस ने दावा किया कि मुख्य आरोपी भारत भाग गए हैं और भारतीय पुलिस की हिरासत में हैं. अब इस मामले में खबर आई है कि आरोपी भारत में नहीं है. BSF समेत भारत की शीर्ष खुफिया एजेंसियों ने साफ तौर पर कहा है कि इस मामले में मुख्य आरोपियों के भारत में पकड़े जाने या भारतीय हिरासत में होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है. CNN News18 से बातचीत में भारतीय अधिकारियों ने बताया कि अब तक जो जानकारियां बांग्लादेश के साथ साझा की गई हैं, वे केवल सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों और कथित मददगारों के इंटरसेप्ट किए गए इनपुट पर आधारित हैं, न कि किसी आरोपी की वास्तविक गिरफ्तारी पर.
क्या भारत में आए हादी के हत्यारे?
न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक BSF ने कहा है कि उन्होंने इन खबरों की जांच की और ऐसे किसी भी व्यक्ति के भारत में आने की जानकारी गलत है. कई बार इन मामलों में गांव वाले ही इन लोगों को पहचान लेते हैं. भारतीय अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि मेघालय पुलिस की हिरासत में किसी संदिग्ध के होने का फिलहाल कोई सबूत नहीं है. खुफिया आकलन के अनुसार, दोनों संदिग्धों ने हलुआघाट और साउथ गारो हिल्स सेक्टर के जरिए अनौपचारिक सीमा मार्गों का इस्तेमाल किया हो सकता है. यह इलाका आमतौर पर आर्थिक प्रवासियों और तस्करों की ओर से इस्तेमाल किया जाता रहा है. हालांकि अब तक भारतीय क्षेत्र में उनकी मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है.
