
अमेरिका के न्यू जर्सी राज्य में रविवार को एक दर्दनाक हवाई हादसा हो गया. दक्षिणी न्यू जर्सी के ऊपर हवा में ही दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए. इस हादसे में एक पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया. अधिकारियों के मुताबिक यह टक्कर अटलांटिक काउंटी के हैमोंटन म्युनिसिपल एयरपोर्ट के ऊपर सुबह करीब 11 बजकर 25 मिनट पर हुई. हैमोंटन पुलिस प्रमुख केविन फ्रायल ने बताया कि एयरपोर्ट के पास विमान दुर्घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन टीमें मौके पर भेजी गईं.
हेलीकॉप्टर का मॉडल क्या था?
हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक हेलिकॉप्टर तेज गति से घूमता हुआ नजर आ रहा है और फिर जमीन पर गिरकर तबाह हो जाता है. यह दृश्य बेहद भयावह था और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने पुष्टि की है कि टक्कर में शामिल दोनों हेलिकॉप्टर एनस्ट्रॉम कंपनी के थे. एक हेलिकॉप्टर का मॉडल एफ 28 ए था, जबकि दूसरा 280 सी मॉडल का था. हादसे के वक्त दोनों हेलिकॉप्टर में केवल पायलट ही सवार थे. किसी भी हेलिकॉप्टर में कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था.
