
सूरीनाम की राजधानी पारामारिबो के निकट रिशेल्यू गांव में एक भयावह चाकू हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें पांच बच्चे शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक यह घटना कमेविज्ने जिले में हुई, जो पारामारिबो से लगभग 25 किलोमीटर (15 मील) पूर्व में स्थित है. पुलिस के अनुसार हमलावर एक 43 वर्षीय पुरुष था, जिसने अपने बच्चों और मदद करने आए पड़ोसियों पर चाकू से हमला किया.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शव कई घरों में मिले. पड़ोसियों ने बताया कि हमला फोन पर पत्नी से झगड़े के बाद शुरू हुआ. हमलावर अपनी पत्नी से अलग रहता था. जब पत्नी ने कहा कि वह बच्चों को लेने खुद नहीं आएगी, बल्कि किसी और को भेजेगी, तो गुस्साए हमलावर ने पहले अपने बच्चों पर हमला किया और फिर पड़ोसियों के घरों में घुसकर उन पर वार किए.
सूरीनाम पुलिस के बयान में कहा गया है कि मौके पर पहुंची पुलिस पर भी हमलावर ने हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद गिरफ्तारी के दौरान वह घायल हो गया. फिलहाल वह पारामारिबो के एक अस्पताल में इलाज करा रहा है. पुलिस ने बताया कि हमले में एक छठा बच्चा और एक वयस्क गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है. इस दिल दहला देने वाली घटना पर सूरीनाम की राष्ट्रपति जेनिफर गीरलिंग्स-सिमंस ने अपनी फेसबुक पोस्ट में प्रतिक्रिया दी.
