
घने कोहरे की मार के चलते दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट का फ्लाइट शेड्यूल बुरी तरह से बिगड़ गया. आलम यह है कि दिल्ली एयरपोर्ट से आवागमन करने वाली करीब 148 फ्लाइट्स को कैंसल कर दिया गया. कैंसल की गई फ्लाइट्स में 78 एराइवल और 70 डिपार्चर फ्लाइट शामिल हैं. वहीं देरी से ऑपरेट होने वाली फ्लाइट की लंबी कतार लग गई है. फिलहाल आईजीआई एयरपोर्ट से उन्हीं फ्लाइट्स की लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो पा रहा है, जो कैट-थ्री तकनीक से लैस है.
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, वैसे तो दिल्ली एयरपोर्ट पर देश शाम से ही कोहरे की चादर बिछना शुरू हो गई थी, लेकिन तड़के करीब तीन बजे हालात काफी बिगड़ गए. नार्मल विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई, लेकिन फ्लाइट ऑपरेशन के लिए जरूरी रनवे विजबिलिटी रेंज (आरवीआर) करीब 200 मीटर तक बना रहा. जिसकी मदद से कैट थ्री टेक्नोलॉजी से लैस एयरक्राफ्ट्स का ऑपरेशन जारी रहा. आपको बता दें कि कैट थ्री-बी प्रोसीजर लागू होने के बाद लैंडिंग के लिए 50 मीटर और टेकऑफ के लिए 125 मीटर का आरवीआर जरूरी होता है.
दो फ्लाइट डाइवर्ट, सैकड़ों हुई डिले
आपको बता दें कि घने कोहरे की वजह से दो फ्लाइट्स को जयपुर के लिए डाइवर्ट भी करना पड़ा. इसमें एक फ्लाइट तुर्कमेनिस्तान एयरलाइंस की अश्गाबात से आने वाली फ्लाइट T5531 भी शामिल है. वहीं दूसरी फ्लाइट जनरल एविएशन की थी. एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, दोनों फ्लाइट कैट थ्री कंप्लायंस नहीं थीं, जिसकी वजह से दोनों फ्लाइट्स को जयपुर के लिए डाइवर्ट करना पड़ा. वहीं, डेंस फॉग, रियक्शरी इफेक्ट और ऑपरेशन रीजन की वजह से 300 से अधिक फ्लाइट्स का ऑपरेशन निर्धारित समय से देरी से हो सका.
