
बांग्लादेश में लगातार अल्पसंख्यक समुदार पर अत्याचार का सिलसिला जारी है. यहां जारी अशांति के बीच हिंदू समुदाय के लोगों की एक के बाद एक हत्याएं हो रही हैं. इस बार मणि चक्रवर्ती नाम के शख्स की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. मणि चक्रवर्ती नरसिंदी जिले के चारसिंदुर बाजार में किराने की दुकान चलाते थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार रात को वह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया. आपको बता दें कि पिछले 24 घंटे में यह दूसरा मामला है, जिसमें किसी हिंदू को निशाना बनाया गया है.
हमला पलाश उपजिले के एक व्यस्त बाजार में हुआ. हमले में मणि चक्रवर्ती को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद स्थानीय लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में या अस्पताल पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही उनकी मौत हो गई. फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है और प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई विस्तृत बयान नहीं आया है. लगातार हो रहे ऐसे हमलों से बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
