
अमेरिका-वेनेजुएला के बीच जो हालात चल रहे हैं, उसमें सबसे पहले इस बात को लेकर ही खींचतान है कि वेनेजुएला की सत्ता किसके हाथ में है. पहले तो अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कहते हैं कि वेनेजुएला को खुद वो चला रहे हैं. इतना ही नहीं उन्होंने ये भी चेतावनी दी है कि अगर देश की अंतरिम सरकार की कार्यवाहक राष्ट्रपति उनका सहयोग नहीं करती हैं, तो अमेरिका कार्रवाई के दूसरे दौर से भी पीछे नहीं हटेगा.
वहीं कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने संवाददाताओं से कहा कि वेनेजुएला शांति का देश है और किसी भी बाहरी शक्ति के अधीन नहीं है. उन्होंने मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के तुरंत लौटने की भी मांग उठाई है, जो फिलहाल यूएस हिरासत में हैं और नार्को, हथियारों और आतंकवाद से जुड़े मामलों में अदालत में पेश हुए हैं. रोड्रिग्ज ने कहा- ‘कोई युद्ध नहीं है क्योंकि हम युद्ध में नहीं हैं. हम पर हमला किया गया.’ उन्होंने फिर भी देश की संप्रभुता पर जोर दिया और कहा कि वेनेजुएला की सरकार अपने देश की निगरानी खुद कर रही है.
