
ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका की धमकियों के बीच डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने कहा है कि अगर अमेरिका किसी दूसरे नाटो देश पर हमला करता है, तो ‘सब कुछ रुक जाएगा.’ डेनिश टीवी चैनल DR को दिए इंटरव्यू में उन्होंने यह बात उस सवाल के जवाब में कही, जिसमें पूछा गया था कि अगर अमेरिका किसी नाटो सदस्य के खिलाफ बल प्रयोग करे तो इसका क्या मतलब होगा.
प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड को लेकर दिए गए बयानों की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका का दबाव किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है. फ्रेडरिक्सन ने साफ कहा कि डेनमार्क और ग्रीनलैंड दोनों ने बार-बार यह बात कही है कि ग्रीनलैंड अमेरिका का हिस्सा नहीं बनेगा. उन्होंने कहा कि ‘अमेरिकी राष्ट्रपति जब ग्रीनलैंड की बात करते हैं, तो उन्हें गंभीरता से लेना होगा, लेकिन यूरोप पूरी तरह से इस बात के साथ है कि सीमाओं का सम्मान किया जाना चाहिए.’
