
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर एक मेडिकल इमरजेंसी आ गई है. इसे देखते हुए नासा ने बड़ा फैसला किया है. नासा ISS पर मौजूद अपने चार अंतरिक्ष यात्रियों की टीम को तय समय से करीब एक महीने पहले धरती पर वापस लाएगा. यह फैसला क्रू के एक सदस्य की ‘गंभीर चिकित्सकीय स्थिति’ को देखते हुए लिया गया है. हालांकि एजेंसी ने गोपनीयता का हवाला देते हुए न तो उस अंतरिक्ष यात्री का नाम बताया है और न ही बीमारी का विवरण साझा किया है. नासा के अधिकारियों ने साफ किया कि संबंधित अंतरिक्ष यात्री की हालत स्थिर है और यह कोई आपातकालीन निकासी नहीं है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘यह इमरजेंसी इवैक्यूएशन नहीं है, लेकिन हम हमेशा अंतरिक्ष यात्रियों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं.’
स्पेसवॉक रद्द होने से मिला पहला संकेत
इस फैसले से एक दिन पहले ही नासा ने गुरुवार को होने वाला एक स्पेसवॉक अचानक रद्द कर दिया था. उस समय भी कारण के तौर पर सिर्फ ‘मेडिकल कंसर्न’ बताया गया था. अब साफ हो गया है कि वही बीमारी का मामला मिशन को समय से पहले खत्म करने की वजह बना.
