
पश्चिम बंगाल के गंगासागर में आयोजित भव्य मेले में शुक्रवार सुबह आग लग गई. कई अस्थायी टेंट जलकर राख हो गए. आग लगने के कारण गंगासागर मेले में अफरातफरी मच गई. घटनास्थल स्थल पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. जानकारी के अनुसार, यह घटना रोड नंबर 2 पर कपिल मुनि मंदिर के सामने हुई, जहां मेले से पहले अस्थायी टैंट लगाए गए थे. आग लगने से कई अस्थायी टैंट जल गए.
पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों की मानें तो इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. फिलहाल, आग लगने की इस घटना ने गंगासागर मेले से पहले सुरक्षा और आग बुझाने के उपायों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रशासन के तहत गंगासागर मेले में लगातार बनी हुई अव्यवस्था की यह एक और याद दिलाने वाली घटना है.
