
गोंडा की धरती, हजारों का हुजूम और आसमान से होती फूलों की बारिश… मौका था बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह के 69वें जन्मदिन का. लेकिन इस बार चर्चा केवल उनके शक्ति प्रदर्शन की नहीं, बल्कि समंदर पार लंदन से आए एक ऐसे बेशकीमती ‘मेहमान’ की हो रही है, जिसकी कीमत और रफ़्तार सुनकर हर कोई दंग है. ढाई करोड़ की कीमत, अंतरराष्ट्रीय मैदानों का सिकंदर और सात बड़ी रेस का विजेता ‘अश्व जोहान्सबर्ग’ अब कैसरगंज के पूर्व सांसद के अस्तबल की शान बढ़ाएगा.
यह खास तोहफा उन्हें (बृजभूषण शरण सिंह) हरियाणा के एक दंपती ने भेंट किया है. दरअसल, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बर्थडे पर जब हरियाणा का एक दंपती मंच पर पहुंचा, तो सबकी नजरें विदेशी तोहफे पर टिक गईं. यह तोहफा था लंदन से विशेष विमान के जरिए भारत लाया गया ‘थरोब्रेड’ नस्ल का एक चैंपियन घोड़ा, जिसने अपनी रफ़्तार से दुनिया भर में लाखों डॉलर जीते हैं.
