
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर कब्जे के लिए मिलिट्री को प्लान तैयार करने का आदेश दिया है. डोनाल्ड ट्रंप ग्रीनलैंड पर कब्जे की धमकी देते रहते हैं. लेकिन इसबीच खबर आई है कि उन्होंने स्पेशल फोर्स कमांडरों से संभावित हमले की योजना बनाने को कहा है. हालांकि अमेरिकी सेना के शीर्ष अधिकारी ट्रंप के इस मनमाने विचार का खुले तौर पर विरोध कर रहे हैं. डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों के अनुसार ट्रंप के आसपास मौजूद सलाहकार इस योजना को आगे बढ़ा रहे हैं. इसमें सबसे अहम नाम राजनीतिक सलाहकार स्टीफन मिलर को बताया जा रहा है.
इन लोगों का मानना है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हटाने के ऑपरेशन की सफलता के बाद अब अमेरिका को ग्रीनलैंड पर भी तेजी से कदम उठाना चाहिए, इससे पहले कि रूस या चीन वहां अपनी पकड़ मजबूत कर लें. ब्रिटिश राजनयिकों का आकलन है कि ट्रंप की इस सोच के पीछे घरेलू राजनीति भी बड़ी वजह है. अमेरिका में इस साल मध्यावधि चुनाव होने हैं और अर्थव्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठ रहे हैं. माना जा रहा है कि ट्रंप मतदाताओं का ध्यान अर्थव्यवस्था से हटाकर एक बड़े राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दे पर ले जाना चाहते हैं.
