
अमेरिका के मिसिसिपी में 3 महीने में दूसरी मास शूटिंग का मामला सामने आया है. जिसमें छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. इस केस में हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है. स्थानीय समाचार एजेंसियों और पुलिस के अनुसार, इस शख्स ने शुक्रवार देर रात गोलियां बरसाकर लोगों की जान ले ली थी. एनबीसी न्यूज से जुड़े डब्ल्यूटीवीए के मुताबिक, संदिग्ध ने तीन अलग-अलग जगहों पर गोलियां बरसाई थीं. क्ले काउंटी के शेरिफ एडी स्कॉट ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘संदिग्ध हिरासत में है, और अब वह हमारी कम्युनिटी के लिए कोई खतरा नहीं है’.
पुलिस ने नहीं दिए सवालों के जवाब
रॉयटर्स के अनुसार उनकी पोस्ट में मरने वालों की संख्या का कोई खास आंकड़ा नहीं दिया गया, लेकिन डब्ल्यूटीवीए ने कहा कि छह लोग मारे गए. स्कॉट ने फेसबुक पर लिखा, ‘मैं आपसे गुजारिश करता हूं कि आप हमारे पीड़ितों और उनके परिवारों को अपनी दुआओं में शामिल करें’. पकड़े गए संदिग्ध की मंशा और उसकी पहचान को लेकर पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने कोई जानकारी साझा नहीं की.
