
ईरान में जारी देशव्यापी विरोध प्रदर्शन लगातार और हिंसक होते जा रहे हैं. रविवार को राजधानी तेहरान समेत देश के कई बड़े शहरों में प्रदर्शन फैल गए, जबकि कार्रवाई के दौरान मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ने का दावा किया गया है. अमेरिका स्थित एक मानवाधिकार संस्था के मुताबिक, इन प्रदर्शनों में अब तक कम से कम 538 लोगों की मौत हो चुकी है और 10,670 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है. ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी का कहना है कि प्रदर्शनकारियों पर की गई सख्त कार्रवाई के चलते हालात और गंभीर हो गए हैं. वहीं ईरान सरकार ने इंटरनेट और फोन सेवाएं बंद कर दी हैं, जिससे जमीनी स्थिति का सटीक आकलन करना बेहद मुश्किल हो गया है. सूचना ब्लैकआउट के कारण देश के भीतर और बाहर रहने वालों के बीच संपर्क लगभग ठप हो चुका है.
ईरान के प्रदर्शन में घुसा ट्रक
ईरान संकट का असर देश की सीमाओं से बाहर भी दिख रहा है. अमेरिका के लॉस एंजेलिस में ईरान विरोधी रैली के दौरान एक यू हॉल ट्रक के भीड़ में घुस जाने से कम से कम दो लोग घायल हो गए. यह घटना विलशायर फेडरल बिल्डिंग के बाहर हुई, जहां ईरान में जारी प्रदर्शनों के समर्थन में हजारों लोग जुटे थे. पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया, जबकि घटना के दौरान तनावपूर्ण हालात बन गए.
