
अमेरिका के लॉस एंजिल्स शहर में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब ईरान में आजादी की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों की रैली में एक U-Haul ट्रक भीड़ के बीच घुस गया. यह घटना शहर के वेस्टवुड इलाके में हुई, जहां सैकड़ों लोग ईरानी झंडे लहराते हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों के समर्थन में मार्च कर रहे थे. CBS न्यूज के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार में प्रदर्शनकारियों की ओर बढ़ा, जिससे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. ट्रक की बाहरी दीवारों पर चिपके एक बड़े बैनर पर लिखा था- नो शाह, नो रेजीम, US 1953 मत दोहराओ, नो मुल्ला. इस संदेश को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में गुस्सा और डर दोनों फैल गया.
हादसे के तुरंत बाद हालात बेकाबू हो गए. प्रदर्शनकारी ट्रक के चारों ओर जमा हो गए और कुछ लोगों ने उसके शीशे तोड़ दिए. वीडियो फुटेज में दिखा कि लोग चिल्लाते हुए ड्राइवर पर हमला करने की कोशिश कर रहे थे और झंडों के डंडों को ट्रक पर मारा जा रहा था. लॉस एंजिल्स पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले. पुलिसकर्मियों ने ट्रक से एक व्यक्ति को बाहर निकाला और हिरासत में लिया. जब उसे वहां से ले जाया जा रहा था, तब भी कुछ प्रदर्शनकारी उस पर हमला करने की कोशिश करते नजर आए, जिसके बाद पुलिस को भीड़ को पीछे धकेलना पड़ा.
