
भारी कर्ज में डूबा पाकिस्तान अपनी अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए अब हथियार बेचने की राह पर निकल पड़ा है. खबरों के मुताबिक, इंडोनेशिया और पाकिस्तान एक बड़े रक्षा सौदे के करीब पहुंच गए हैं. इस सौदे में पाकिस्तान अपने JF-17 लड़ाकू विमान और ‘किलर ड्रोन’ इंडोनेशिया को बेचने की तैयारी कर रहा है. सूत्रों के अनुसार, इंडोनेशियाई रक्षा मंत्री ने हाल ही में इस्लामाबाद में पाकिस्तान के वायु सेना प्रमुख से मुलाकात की है, और दोनों देशों के बीच बातचीत एडवांस स्टेज में है.
40 से ज्यादा जेट्स और ड्रोन बेचने का प्लान
रिपोर्ट्स का दावा है कि इंडोनेशिया पाकिस्तान से 40 से अधिक JF-17 लड़ाकू विमान खरीदने पर विचार कर रहा है. इसके अलावा, निगरानी और हमले करने में सक्षम ‘किलर ड्रोन्स’ भी इस पैकेज का हिस्सा हो सकते हैं. इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी पुष्टि की है कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई है, हालांकि अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है.
