
संगम की रेती पर अध्यात्म और आस्था का सबसे बड़ा समागम ‘माघ मेला 2026’ अपने चरम पर है. 15 जनवरी को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर संगम तट पर आस्था का भव्य नजारा देखने को मिलेगा. इस बार प्रशासन ने करीब 2 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान लगाया है. सुरक्षा से लेकर सुविधा तक, मेला प्रशासन ने चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं. आइए जानते हैं पल-पल की अपडेट…
Magh Mela 2026 Live News: रेलवे चला रही है स्पेशल ट्रेन
मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या जैसे प्रमुख स्नान पर्वों के लिए रेलवे ने अपनी कमर कस ली है. भक्तों को किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए एक से बढ़कर एक इंतजाम किए जा रहे हैं. नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे ने स्पेशल मेला ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है. पौष पूर्णिमा के पहले स्नान पर्व पर एनसीआर, एनआर और एनईआर ने 32 स्पेशल मेला ट्रेनें चलाई थी. वहीं, मेला यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से प्रतिदिन आठ रिंग रेल भी चलाई जा रही है. इसके अलावा, दो रिजर्व्ड रिंग रेल भी हफ्ते में 2 दिन चलाई जा रही है.
