
पाकिस्तान में एक बार फिर से पुलिस को निशाना बनाकर हमला किया गया है. देश के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टैंक जिले में एक बम धमाका हुआ, जिसमें 7 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई. यह हमला पुलिस की बख्तरबंद गाड़ी को निशाना बनाकर किया गया. हमला सोमवार को हुआ था, लेकिन अब तहरीक-ए-तालिबान ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है. घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान बढ़ती आतंकी गतिविधियों का सामना कर रहा है.
पुलिस के मुताबिक रिमोट कंट्रोल से संचालित बम पुलिस वाहन के पास पहुंचकर दग गया. इस धमाके में 5 पुलिसकर्मी मौके पर ही मारे गए, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. टैंक जिले के डिप्टी पुलिस प्रमुख परवेज शाह ने बताया कि विस्फोट इतना जोरदार था कि बख्तरबंद वाहन को बहुत नुकसान हुआ है.
TTP ने ली हमले की जिम्मेदारी
खैबर पख्तूनख्वा पाकिस्तान का अशांत इलाका है. यहां पर हाल के महीनों में आतंकी हिंसा फिर से तेज हो गई है. ज्यादातर हमले तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान की ओर से किए जा रहे हैं और इसमें निशाना फौज होती है. मारे गए पुलिसकर्मियों की पहचान गोमल बाजार पुलिस स्टेशन के एचएचओ इशाक अहमद खान, एडिशनल एसएचओ शेर असलम, ड्राइवर अब्दुल मजीद और एलीट फोर्स के जवान अरशद अली, शौकत अली, हजरत अली और एहसानुल्लाह के रूप में हुई. पाकिस्तान सरकार का आरोप है कि टीटीपी के आतंकी अफगानिस्तान में पनाह लेते हैं और वहीं से पाकिस्तान में हमलों की योजना बनाते हैं. हालांकि अफगान तालिबान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि पाकिस्तान की सुरक्षा स्थिति उसकी आंतरिक समस्या है.
