
इस वक्त ट्रंप की नजर ईरान पर टेढ़ी है और वो बार-बार अटैक की धमकी भेज रहे हैं. इस बीच अमेरिका ने ईरान पर आर्थिक प्रेशर और बढ़ाने के लिए उनके ट्रेड पार्टनर्स को बुली करना शुरू कर दिया है. ट्रंप ने हाल ही में उन देशों पर 25 प्रतिशत एक्स्ट्रा टैरिफ थोंपने का फैसला किया है, जो ईरान के साथ द्विपक्षीय ट्रेड कर रहे हैं. इन देशों की लिस्ट में भारत भी आता है, ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या ये टैरिफ भारत पर भी लगाया गया है? हाल ही में सरकारी सूत्र ने सीएनएन-न्यूज18 को बताया है कि ट्रंप के इस फैसले का भारत पर क्या असर पड़ने वाला है?
क्या होगा भारत पर असर?
12 जनवरी 2026 को ट्रंप ने घोषणा की कि जो भी देश ईरान के साथ व्यापार करेगा, उसे अमेरिका के साथ व्यापार करने पर 25% अतिरिक्त टैरिफ चुकाना होगा. जिसके बाद भारत के निर्यातकों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई देने लगीं. हालांकि, भारत सरकार ने इसे बेअसर बताया है. सरकारी सूत्रों के मुताबिक भारत का ईरान के साथ व्यापार इतना कम है कि अमेरिका की इस धमकी का असर ना के बराबर होगा.
पिछले साल भारत-ईरान का कुल व्यापार लगभग $1.6 बिलियन रहा, जो भारत के कुल वैश्विक व्यापार का मात्र 0.15% है. ईरान अब भारत के टॉप 50 व्यापारिक भागीदारों में भी शामिल नहीं है. इसलिए, सरकार का मानना है कि 25% टैरिफ से भारत की बड़ी अर्थव्यवस्था पर कोई खास चोट नहीं आएगी.
