
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को दावा किया कि ईरान में जारी हत्याएं अब रुक रही हैं और वहां किसी भी प्रदर्शनकारी को फांसी देने की कोई योजना नहीं है. ट्रंप ने कहा कि उन्हें यह जानकारी बेहद भरोसेमंद सूत्रों से मिली है, हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि सच्चाई की पूरी तस्वीर जल्द साफ होगी. ट्रंप का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ती जा रही है. कई मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि बीते कुछ हफ्तों में हजारों लोगों की जान जा चुकी है और हजारों को गिरफ्तार किया गया है. पश्चिमी देशों ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर प्रदर्शनकारियों को फांसी दी गई तो इसके गंभीर नतीजे होंगे.
अमेरिका क्या ईरान पर हमला करेगा?
यह चेतावनी तब आई है जब खबर मिली कि अमेरिका ने मध्य पूर्व में मौजूद अपने कुछ सैन्य ठिकानों से कर्मियों को हटाना शुरू कर दिया है. अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह कदम सिर्फ एहतियात के तौर पर उठाया गया है. ईरान की ओर से पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है कि अगर अमेरिका ने हमला किया तो आसपास के देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डे निशाने पर होंगे. रॉयटर्स के मुताबिक यूरोप के दो वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि अमेरिका अगले 24 घंटों में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई कर सकता है. वहीं इजरायल के एक अधिकारी ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि ट्रंप ने हस्तक्षेप का फैसला कर लिया है, हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि कार्रवाई कब और किस स्तर पर होगी.
